वर्तमानकाल
उदाहरण :-
सीता पढ़ा रही है |
हिरन झील पर पानी पी रहा है |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के वर्तमान समय में होने का पता चल रहा है | इसलिए ये वर्तमानकाल की क्रियाएँ हैं|
वर्तमानकाल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से कार्य के वर्तमान समय में होने का बोध हो, उसे वर्तमानकाल कहते हैं | वर्तमान काल की पहचान ता है , ती है , ते हैं , रहा है , रही है , रहे हैं आदि से होती है |
वर्तमान काल के भेद :-
वर्तमान काल के तीन भेद होते हैं -
- सामान्य वर्तमान काल
- अपूर्ण वर्तमान काल
- संदिग्ध वर्तमान काल
सामान्य वर्तमान काल
उदाहरण :-
राधिका खाना खाती है |
मैं रोज़ स्कूल जाता हूँ |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के सामान्य रूप में होने का पता चल रहा है |
सामान्य वर्तमान काल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से कार्य के सामान्य रूप से चलने वाले समय (काल) में होने का बोध होता है, उसे सामान्य वर्तमान काल कहते हैं | इसमें क्रिया के साथ ता, ती, ते, हूँ, हो, है आदि लगाया जाता है |
अपूर्ण वर्तमान काल
उदाहरण :-
श्याम मंदिर जा रहा है |
मंत्रीजी भाषण दे रहे हैं |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के वर्तमान समय में चलने का पता चल रहा है जो समाप्त नहीं हुई है |
अपूर्ण वर्तमान काल की परिभाषा :- जिन शब्दों से यह पता चले कि क्रिया वर्तमान समय में चल रही है समाप्त नहीं हुई है, उसे अपूर्ण वर्तमान काल कहते हैं | अपूर्ण वर्तमानकालिक क्रिया के साथ रहा है, रहे हैं, रही है आदि लगाए जाते हैं |
संदिग्ध वर्तमान काल
उदाहरण :-
टी.वी. पर मैच आ रहा होगा |
राधा परीक्षा दे रही होगी |
संदिग्ध वर्तमान काल की परिभाषा :- जिन शब्दों से क्रिया के वर्तमान समय में होने या घटित होने पर संदेह होता है, उसे संदिग्ध वर्तमान काल कहते हैं | संदिग्ध वर्तमानकालिक क्रिया के साथ जाता होगा, रहा होगा, रही होगी, रहे होंगे आदि का प्रयोग किया जाता है |
कोणत्याही टिप्पण्या नाहीत:
टिप्पणी पोस्ट करा